खेत में मवेशी घुसने को लेकर विवाद, चार घायल
सोनो/जमुई : सोनो थाना क्षेत्र में खेत में मवेशी घुसने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंग पड़ोसियों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर धारदार हथियार और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई में भर्ती कराया गया है, जहां एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है।
घायलों की पहचान सोनो निवासी मुकेश रजक की पत्नी मीणा देवी, मनोज रजक की पत्नी रानी देवी, संजू देवी तथा कपिल रजक के पुत्र जितेंद्र रजक के रूप में हुई है।
परिजनों ने गोपाल रजक, रवि कुमार, अमन कुमार सहित कुछ अन्य लोगों पर टांगी, तलवार और लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि वे अपनी निजी जमीन पर मवेशी बांधते हैं और बगल की जमीन को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है।
आरोप है कि फसल चरने या खेत में मवेशी घुसने के बहाने अक्सर गाली-गलौज की जाती थी। सोमवार रात भी गेहूं की फसल में मवेशी घुसने का आरोप लगाते हुए मारपीट की गई।
घायलों ने बताया कि इलाज के बाद संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

No comments:
Post a Comment