यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम में गड़बड़ी का आरोप, एबीवीपी ने जताया विरोध
झाझा। झाझा स्थित देव सुंदरी मेमोरियल महाविद्यालय में आयोजित यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के आयोजन में अनियमितता और पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाते हुए मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
एबीवीपी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हरिनंदन प्रजापति ने बताया कि यह कार्यक्रम भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर एनएसएस इकाई के माध्यम से आयोजित किया गया था। इसका उद्देश्य 18 से 29 वर्ष के युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम के आयोजन में कई तरह की गड़बड़ियां हुई हैं। जिन युवाओं ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था, उनमें से कई को कार्यक्रम की सूचना ही नहीं दी गई, जिसके कारण वे इसमें भाग नहीं ले सके।
नगर एसएफडी संयोजक श्याम शाह, आलोक नाथ, आकाश कुमार, अमन कुमार और अंकित कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी इस पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि सूचना के अभाव में कई पंजीकृत विद्यार्थी इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम से वंचित रह गए।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं कॉलेज के प्राचार्य अजफर शम्शी ने छात्र नेताओं को मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

No comments:
Post a Comment