जमुई सदर अस्पताल में कर्मचारी ने खाया सल्फास, हालत गंभीर, प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास, सिविल सर्जन पर लगे गंभीर आरोप - City Channel

Breaking

Wednesday, March 25, 2026

जमुई सदर अस्पताल में कर्मचारी ने खाया सल्फास, हालत गंभीर, प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास, सिविल सर्जन पर लगे गंभीर आरोप

 जमुई सदर अस्पताल में कर्मचारी ने खाया सल्फास, हालत गंभीर, प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या का प्रयास, सिविल सर्जन पर लगे गंभीर आरोप

जमुई : जमुई के सदर अस्पताल में मंगलवार देर शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संतोष कुमार चौरसिया ने सिविल सर्जन के सामने सल्फास की गोली खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार यह घटना सिविल सर्जन के कार्यालय में हुई। घायल कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

संतोष कुमार चौरसिया ने बताया कि वह पिछले नौ वर्षों से अस्पताल में कार्यरत है। पहले वह नेत्र रोग विशेषज्ञ के साथ सर्जरी कार्यों में सहयोग करता था, लेकिन नए सिविल सर्जन अशोक कुमार के आने के बाद उसे पार्किंग में पेड़-पौधों की देखभाल और पानी देने का कार्य सौंप दिया गया। उनका आरोप है कि पिछले एक सप्ताह से उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।

घायल कर्मचारी की पत्नी ने भी सिविल सर्जन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पति से अस्पताल के अलावा निजी और घरेलू काम भी करवाए जाते थे। इसी मानसिक दबाव के कारण उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रबंधक रमेश पांडेय मौके पर पहुंचे और घायल कर्मचारी का हाल जाना। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में सिविल सर्जन अशोक कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष सामने नहीं आ सका।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में चर्चाओं का माहौल है। कर्मचारियों में आक्रोश देखा जा रहा है और वे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages