एनडीए होली मिलन समारोह में दिखी एकजुटता, सांसद अरुण भारती ने ढोल बजाकर बढ़ाया उत्साह - City Channel

Breaking

Sunday, March 1, 2026

एनडीए होली मिलन समारोह में दिखी एकजुटता, सांसद अरुण भारती ने ढोल बजाकर बढ़ाया उत्साह

 एनडीए होली मिलन समारोह में दिखी एकजुटता, सांसद अरुण भारती ने ढोल बजाकर बढ़ाया उत्साह


जमुई। 
होली के अवसर पर जमुई में एनडीए नेताओं द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शहर के द्वारिका भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में जमुई के सांसद अरुण भारती ने स्वयं ढोल-झाल बजाकर और कार्यकर्ताओं के साथ नृत्य कर माहौल को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया। रंग-गुलाल के बीच कार्यकर्ताओं ने जमकर होली का आनंद लिया।

इस दौरान सांसद अरुण भारती ने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के फिल्मी गीत “गट्टू गिलहरी छम-छमक छल्लों रानी” पर कार्यकर्ताओं के साथ ठुमके लगाए। इसके अलावा “रंग बरसे भीगे चुनरवाली” जैसे पारंपरिक होली गीतों पर भी जमकर रंग जमा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद भारती ने कहा कि बिहार में एनडीए को मिली बड़ी जीत के बाद यह पहली होली है, इसलिए यह और भी खास है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मेहनत से गठबंधन को 202 सीटों पर जीत मिली और सरकार का गठन संभव हुआ। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी पांचों सहयोगी दल एक ही रंग में रंगे हैं और उनके बीच कोई मतभेद नहीं है।

आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सांसद ने बताया कि उन्हें उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड का प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार और झारखंड के बाद उत्तर प्रदेश में भी पार्टी बेहतर प्रदर्शन करेगी। सीटों और नेतृत्व को लेकर निर्णय समय आने पर लिया जाएगा।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए सांसद अरुण भारती ने कहा कि वे बिहार छोड़कर राज्यसभा जाने की तैयारी में हैं, जबकि जनता ने उन्हें नकार दिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या जनता से किया गया वादा छोड़कर वे रण छोड़कर भाग जाएंगे। साथ ही चिराग पासवान का उदाहरण देते हुए कहा कि 2021 में अकेले होने के बावजूद वे बिहार में डटे रहे और आज जनता का आशीर्वाद उन्हें मिला है।

यह होली मिलन समारोह जहां रंगों और उल्लास से सराबोर रहा, वहीं इसे आगामी चुनावों से पहले एनडीए की एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

Pages