झाझा की श्रीकृष्ण गोशाला में नए भवन निर्माण के लिए भूमिपूजन
झाझा (जमुई) : झाझा नगर क्षेत्र के पुरानी बाजार स्थित श्रीकृष्ण गोशाला के नए भवन निर्माण के लिए शुक्रवार को विधि-विधान के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। दोपहर करीब तीन बजे गोशाला समिति के सचिव दयाशंकर बरनवाल, उपाध्यक्ष सुरेश यादव और समिति के सदस्यों ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान गोशाला में रह रही गौ माताओं की भी विधिवत पूजा की गई।
कार्यक्रम के दौरान गोशाला की स्थापना में योगदान देने वाले पूर्व कमेटी सदस्यों और जमीनदाताओं के वंशजों को सम्मानित किया गया। इनमें प्रेम बंका, सीताराम पोद्दार, रामदास बरनवाल, प्रफुल्ल चंद्र त्रिवेदी और रंजीत माथुरी प्रमुख रूप से शामिल थे।
गोशाला समिति के सचिव दयाशंकर बरनवाल और उपाध्यक्ष सुरेश यादव ने बताया कि लगभग 26 वर्ष पूर्व स्थापित इस गोशाला को सरकारी सहायता के अभाव में संचालन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था, जिससे इसकी पहचान कमजोर पड़ने लगी थी। उन्होंने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले जब यहां 60 से अधिक गायें लाई गईं और नई कार्यसमिति ने जिम्मेदारी संभाली, तब से इसके विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पदाधिकारियों ने बताया कि अब कई लोग गोशाला के विकास के लिए आगे आकर सहयोग कर रहे हैं। इसी सहयोग के परिणामस्वरूप गौ माताओं के लिए नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे गोशाला को नई पहचान मिलेगी।
इस मौके पर कोषाध्यक्ष सौरव गोयल, अनूप केशरी, अनिल बरनवाल, अजय छापड़िया, प्रशांत सुल्तानिया सहित बड़ी संख्या में गोसेवक और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment