‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के तहत डीएम ने सुनीं जन-समस्याएं, त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जमुई : बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के अंतर्गत ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में जमुई जिला प्रशासन सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी श्री नवीन ने अपने कार्यालय कक्ष में जन-सुनवाई आयोजित कर विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
जन-सुनवाई में दूर-दराज के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए 10 से अधिक फरियादियों ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान भूमि विवाद, पैक्स से संबंधित अनियमितताएं, अवैध कब्जा, दबंगों द्वारा धमकी, अतिक्रमण तथा आवास योजना के लाभ में विलंब जैसे मामले प्रमुख रूप से सामने आए।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने सभी शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को दूरभाष एवं लिखित माध्यम से त्वरित एवं परिणामोन्मुख कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पादन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक हो, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। जिलाधिकारी ने यह भी चेतावनी दी कि जनहित से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।



No comments:
Post a Comment