मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर डीएम ने की समीक्षा, सभी विभागों को ससमय तैयारी पूरी करने का निर्देश - City Channel

Breaking

Monday, March 2, 2026

मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर डीएम ने की समीक्षा, सभी विभागों को ससमय तैयारी पूरी करने का निर्देश

मुख्यमंत्री की ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर डीएम ने की समीक्षा, सभी विभागों को ससमय तैयारी पूरी करने का निर्देश

जमुई। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार की प्रस्तावित ‘समृद्धि यात्रा’ के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जमुई जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी नवीन ने समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में यात्रा की तैयारियों के लिए गठित सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारियों के साथ बिंदुवार चर्चा करते हुए अब तक की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यह कार्यक्रम राज्य के सर्वोच्च नेतृत्व से जुड़ा है, इसलिए इसकी गरिमा, सुरक्षा और व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कोषांगों को मिशन मोड में कार्य करने का निर्देश देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ सभी तैयारियां पूर्ण करने का आदेश दिया।

बैठक में सभा स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मंच व पंडाल निर्माण, यातायात और पार्किंग प्रबंधन, साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, शुद्ध पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और अग्नि सुरक्षा जैसे बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही मुख्यमंत्री के विजन को प्रदर्शित करने वाले विकासात्मक एवं विभागीय स्टॉलों को आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने के निर्देश भी दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि स्थल निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को अविलंब दूर किया जाए और तैयारियों की दैनिक मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर बल देते हुए कहा कि यह यात्रा जिले के लिए गौरवशाली और ऐतिहासिक बने, यह सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

बैठक में जिले के सभी वरीय पदाधिकारी, विभिन्न कोषांगों के नोडल अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अभियंता उपस्थित थे, जिन्हें अपने-अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण जवाबदेही के साथ कार्य करने का सख्त निर्देश दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Pages