होली पर्व को लेकर मुंगेर आयुक्त ने की उच्चस्तरीय समीक्षा, जमुई समेत सभी जिलों को सख्त निर्देश
जमुई : होली पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जमुई सहित प्रमंडल के सभी जिलों के जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।
आयुक्त ने निर्देश दिया कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील स्थलों की पुनः पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही, संभावित उपद्रवियों पर नजर रखते हुए ‘बॉन्ड डाउन’ की कार्रवाई तेज करने और ‘गुंडा रजिस्टर’ के आधार पर कड़ी निगरानी रखने को कहा गया। पिछले वर्षों में विवाद वाले क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
ड्यूटी में अनुशासन पर जोर देते हुए आयुक्त ने कहा कि तैनात मजिस्ट्रेटों की उपस्थिति की नियमित जांच होगी और लापरवाही या अनुपस्थिति पाए जाने पर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। आसूचना तंत्र को सक्रिय रखने, सघन फ्लैग मार्च निकालने, सोशल मीडिया की 24×7 मॉनिटरिंग तथा स्वास्थ्य और अग्निशमन सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के बाद जमुई के जिलाधिकारी नवीन ने जिले की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान खैरा प्रखंड के बीडीओ और सीओ द्वारा 1 मार्च 2026 को बिना अनुमति जिला मुख्यालय छोड़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों से स्पष्टीकरण तलब किया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ना अनुशासनहीनता है और ऐसी लापरवाही पर कठोर विभागीय कार्रवाई होगी।
उक्त बैठक में जमुई से अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार, डीसीएलआर सह विशेष कार्य पदाधिकारी सुजीत कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment