डीएम का होली पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
जमुई। होली पर्व को लेकर जिला पदाधिकारी नवीन (भा.प्र.से.) ने जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
अपने संदेश में डीएम ने कहा कि होली रंगों का पावन पर्व है, जो प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। यह त्योहार हमें ईर्ष्या-द्वेष को त्यागकर स्नेह और सद्भाव के रंग में रंगने का संदेश देता है। फागुन की उमंग और अबीर-गुलाल की खुशबू समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करती है।
उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि होली का उत्सव सादगी, मर्यादा और संयम के साथ मनाएं, ताकि किसी की भावना आहत न हो और जिले में शांतिपूर्ण वातावरण बना रहे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन पर्व के दौरान सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील करते हुए होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

No comments:
Post a Comment