जमुई-गिद्धौर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, स्कॉर्पियो की टक्कर से दो चचेरी बहनों की मौत, मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
गिद्धौर/जमुई : जमुई-गिद्धौर मुख्य मार्ग पर मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो चचेरी बहनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बैंक मोड़ के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान रतनपुर निवासी 18 वर्षीय सीमा कुमारी और 20 वर्षीय जुगनू कुमारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बहनें बानाडीह गांव स्थित गर्भु स्थान मंदिर में पूजा कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान जमुई की ओर से आ रही काले रंग की स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया और स्थानीय लोगों ने रतनपुर चौक के पास सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया।
सूचना पाकर गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

No comments:
Post a Comment