झाझा सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, किशोरियों को लगाया जा रहा टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर पहल, 250 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य - City Channel

Breaking

Tuesday, March 24, 2026

झाझा सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, किशोरियों को लगाया जा रहा टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर पहल, 250 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य

 झाझा सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू, किशोरियों को लगाया जा रहा टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव को लेकर पहल, 250 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य

झाझा/जमुई : झाझा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान फिर से शुरू किया गया है। इस अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को टीका लगाया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नबाब, बीएचएम सुभाषचंद्र और बीसीएम पंकज कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद एएनएम मंजू देवी ने अधिकारियों की मौजूदगी में टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू की और किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया।

टीका लगवाने वाली किशोरियों को उपहार देकर सम्मानित भी किया गया, ताकि वे अन्य किशोरियों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित कर सकें।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नबाब ने बताया कि एचपीवी टीका बच्चेदानी के मुंह के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) सहित अन्य एचपीवी से संबंधित बीमारियों से बचाव का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि सभी पात्र किशोरियों को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए अस्पताल में अलग काउंटर भी बनाया गया है।

बीएचएम सुभाषचंद्र और बीसीएम पंकज कुमार ने बताया कि फिलहाल 250 किशोरियों को टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। आशा कार्यकर्ताओं को पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इस अभियान से जुड़ सकें।

अभियान के पहले दिन मंगलवार को 10 किशोरियों को एचपीवी टीका लगाया गया। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।

No comments:

Post a Comment

Pages