होली पर सुरक्षा व सद्भाव का संदेश, डीएम–एसपी ने किया फ्लैग मार्च
सिटी संवाददाता : प्रो० रामजीवन साहू
जमुई : होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को जमुई में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से विशाल फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च का नेतृत्व जिलाधिकारी श्री नवीन और पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने किया।
फ्लैग मार्च जमुई स्टेडियम से शुरू होकर कचहरी चौक, थाना मोड़, पुरानी बाजार होते हुए नीमा भछियार और नीमारंग तक पहुंचा। इस दौरान अधिकारियों ने विभिन्न इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात बलों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी श्री नवीन ने स्पष्ट कहा कि होली के दौरान शांति भंग करने, अफवाह फैलाने या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने बताया कि जिलेभर में सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की गई है। अवैध शराब कारोबारियों और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचना फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है तथा ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फ्लैग मार्च के माध्यम से प्रशासन ने आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस पहल से लोगों में विश्वास का माहौल बना है, ताकि जिलेवासी निर्भय होकर शांति, भाईचारे और उल्लास के साथ रंगों का यह पर्व मना सकें।

No comments:
Post a Comment