लक्ष्मीपुर के दिग्घी दुर्गा मंदिर में प्रेमी युगल की शादी का वीडियो वायरल, पहचान नहीं हो सकी - City Channel

Breaking

Monday, March 16, 2026

लक्ष्मीपुर के दिग्घी दुर्गा मंदिर में प्रेमी युगल की शादी का वीडियो वायरल, पहचान नहीं हो सकी

 लक्ष्मीपुर के दिग्घी दुर्गा मंदिर में प्रेमी युगल की शादी का वीडियो वायरल, पहचान नहीं हो सकी


जमुई : जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड स्थित दिग्घी दुर्गा मंदिर परिसर में एक प्रेमी युगल के विवाह का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात एक युवक ने मंदिर परिसर में अपनी प्रेमिका की मांग में सिंदूर भरकर उससे विवाह किया, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, शनिवार देर रात प्रेमी युगल बाइक से मंदिर परिसर पहुंचा था। वहां मौजूद एक पुजारी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका विवाह संपन्न कराया। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से फैलने लगा।

हालांकि वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक और युवती की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। यह भी जानकारी नहीं मिल सकी है कि वे किस गांव या क्षेत्र के निवासी हैं। इसके बावजूद घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

कुछ लोग इसे आपसी सहमति से हुआ प्रेम विवाह बता रहे हैं, जबकि कई लोगों ने मंदिर परिसर में देर रात इस तरह के विवाह कराए जाने पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि दिग्घी दुर्गा मंदिर में पहले भी इस तरह के प्रेम विवाह की घटनाएं सामने आती रही हैं।

इस संबंध में जब मंदिर के पुजारी रविंद्र झा से संपर्क किया गया तो उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं मंदिर प्रबंधन या स्थानीय प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर इलाके में उत्सुकता बनी हुई है और लोग इस पूरे मामले की सच्चाई जानने का इंतजार कर रहे हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages