जमुई में घर में घुसकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या, वार्ड चुनाव विवाद में वारदात की आशंका - City Channel

Breaking

Monday, March 16, 2026

जमुई में घर में घुसकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या, वार्ड चुनाव विवाद में वारदात की आशंका

जमुई में घर में घुसकर वृद्ध की गोली मारकर हत्या, वार्ड चुनाव विवाद में वारदात की आशंका

जमुई : जमुई के टाउन थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 15 लगमा में रविवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 55 वर्षीय गणेश रावत के रूप में हुई है। सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

बताया जाता है कि गणेश रावत रविवार रात अपने तालाब के पास बने नए घर में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने घर में घुसकर उनके सिर में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना का खुलासा सोमवार सुबह तब हुआ जब उनकी पत्नी उन्हें खोजते हुए नए घर पहुंचीं। उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था। अंदर जाकर देखने पर बिछावन पर गणेश रावत का शव पड़ा मिला। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। साथ ही एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य और सैंपल एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।

स्थानीय सूत्रों और परिजनों के अनुसार वार्ड चुनाव को लेकर चल रहे विवाद को हत्या का संभावित कारण बताया जा रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया होगा। जिस युवक पर शक जताया जा रहा है, वह घटना के बाद से गांव से फरार बताया जा रहा है।

टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की घटना सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages