अवैध बालू ढुलाई पर कार्रवाई, ट्रैक्टर-मोटरसाइकिल जब्त, दो गिरफ्तार, सोनो थाना पुलिस की छापेमारी, आरोपियों को भेजा गया जेल
सिटी संवाददाता : पंकज बरनवाल
सोनो, जमुई : अवैध बालू ढुलाई के खिलाफ अभियान चलाते हुए सोनो थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने लिपटवा मोड़ के पास छापेमारी कर एक महिंद्रा ट्रैक्टर और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जब्त किया है। इस दौरान दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान चरकापत्थर थाना क्षेत्र के ठाकुर आहार गांव निवासी पवन कुमार यादव (ट्रैक्टर चालक) और योगेंद्र यादव के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में अवैध रूप से बालू की ढुलाई की जा रही है। सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि बिना वैध कागजात के बालू का परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जब्त वाहनों को थाने में सुरक्षित रखा गया है।
थाना अध्यक्ष ने बताया कि अवैध खनन और बालू ढुलाई के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि ऐसे मामलों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।

No comments:
Post a Comment