सिमुलतला शिवशक्ति महायज्ञ में धीरेंद्र कृष्ण महाराज के नहीं पहुंचने की खबर से श्रद्धालुओं में नाराजगी
सिमुलतला (जमुई) : जमुई जिले के सिमुलतला में आयोजित श्री श्री 1008 शिवशक्ति महायज्ञ में बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण महाराज के संभावित आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह था। हालांकि उनके सिमुलतला नहीं पहुंचने की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं में नाराजगी देखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार 16 मार्च को उनके आने की घोषणा पहले से की गई थी, जिसके कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस दिन का इंतजार कर रहे थे। लेकिन बताया जा रहा है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण महाराज का 14 से 18 मार्च तक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पहले से निर्धारित धार्मिक कार्यक्रम है, जिस कारण उनका सिमुलतला आना संभव नहीं हो पा रहा है।
श्रद्धालुओं का कहना है कि बड़े संतों और कलाकारों के आने की घोषणा कर महायज्ञ में भीड़ जुटाने के लिए प्रचार किया गया। ऐसे में जब घोषित संत और कलाकार कार्यक्रम में नहीं पहुंचते हैं तो लोगों को निराशा होती है। कई लोगों का कहना है कि यदि पहले से सही जानकारी दी जाती तो लोगों की उम्मीदें इतनी नहीं बढ़तीं।
इधर महायज्ञ में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर भी लोगों में असंतोष देखा गया। गुरुवार को प्रस्तुति देने वाले भोजपुरी गायक गोलू राजा भी कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंचे। उनके नहीं आने से देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं को निराश होकर लौटना पड़ा।
हालांकि सेवा धाम आश्रम परिसर में निरंजनी पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज के श्रीमुख से शिव महापुराण कथा का आयोजन जारी है, जिसमें श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।
उधर आयोजकों द्वारा शुक्रवार रात 10 बजे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार पवन सिंह के कार्यक्रम में आने की घोषणा की गई है। अब श्रद्धालुओं की नजर इस बात पर टिकी है कि वे सिमुलतला पहुंचते हैं या नहीं।
इस संबंध में महायज्ञ के आयोजक और स्वामी कैलाशानंद गिरी के भतीजे सुनील पांडेय ने बताया कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण महाराज के सिमुलतला आने को लेकर बातचीत हुई है, लेकिन जिला प्रशासन से अनुमति अभी तक नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि देर रात तक इस पर स्पष्ट जानकारी मिल पाएगी कि वे कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं।


No comments:
Post a Comment