झाझा में रसोई गैस की किल्लत, सिलेंडर के लिए उमड़ी उपभोक्ताओं की भीड़
झाझा (जमुई) : झाझा प्रखंड क्षेत्र में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। शुक्रवार को झाझा स्थित भारत गैस कार्यालय में सिलेंडर की रसीद लेने के लिए उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया।
सुबह से ही लोग गैस कार्यालय पहुंचने लगे और रसीद लेने के लिए एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश करते दिखे। भीड़ इतनी अधिक थी कि कार्यालय परिसर में लंबी कतारें लग गईं और कई लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को भी गैस गोदाम में सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। बड़ी संख्या में उपभोक्ता खाली सिलेंडर लेकर पहुंचे थे, लेकिन अत्यधिक भीड़ के कारण कई लोगों को सिलेंडर नहीं मिल सका और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
गुरुवार को सिलेंडर नहीं मिलने के बाद कई उपभोक्ता शुक्रवार को फिर खाली सिलेंडर लेकर गोदाम पहुंचे थे। उन्हें उम्मीद थी कि आज गैस की गाड़ी आएगी, लेकिन शुक्रवार को भी गैस की गाड़ी नहीं पहुंचने से उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गई।
उपभोक्ताओं ने संबंधित विभाग से जल्द गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को इस परेशानी से राहत मिल सके।

No comments:
Post a Comment