केकेएम कॉलेज में एबीवीपी का प्रदर्शन, तालाबंदी कर छात्रों ने उठाई समस्याएं, नियमित कक्षाओं, स्टाफ की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया आक्रोश - City Channel

Breaking

Monday, March 23, 2026

केकेएम कॉलेज में एबीवीपी का प्रदर्शन, तालाबंदी कर छात्रों ने उठाई समस्याएं, नियमित कक्षाओं, स्टाफ की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया आक्रोश

 केकेएम कॉलेज में एबीवीपी का प्रदर्शन, तालाबंदी कर छात्रों ने उठाई समस्याएं, नियमित कक्षाओं, स्टाफ की कमी और बुनियादी सुविधाओं को लेकर जताया आक्रोश

जमुई : जमुई शहर स्थित केकेएम कॉलेज में सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर तालाबंदी कर धरने पर बैठकर नारेबाजी की, जिससे कुछ समय के लिए परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि कॉलेज में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित नहीं हो रही हैं, जिससे उनकी पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। साथ ही, उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं।

एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष सीपू सिंह परिहार ने बताया कि कॉलेज में स्टाफ की भारी कमी है। कई विषयों में प्रोफेसर नहीं होने के कारण छात्रों को पढ़ाई में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, जिला संयोजक अखिलेश कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

छात्र-छात्राओं ने कॉलेज में शौचालयों की बदहाल स्थिति, छात्राओं के लिए कॉमन रूम की कमी और अन्य बुनियादी सुविधाओं के अभाव को लेकर भी नाराजगी जताई। इसके अलावा, उन्होंने परीक्षा परिणाम लगातार खराब रहने और परीक्षा के बाद भी उपस्थिति दर्ज नहीं किए जाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शनकारी छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Pages