बिहार दिवस और विश्व जल दिवस पर साइकिल यात्रा, मलयपुर में हुआ पौधारोपण
जमुई : साईकिल यात्रा एक विचार जमुई'द्वारा बिहार दिवस की ऐतिहासिक महत्ता और विश्व जल दिवस की प्रासंगिकता को एक साथ जोड़ते हुए रविवार को 533वीं साप्ताहिक साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा मलयपुर ग्राम पहुँची, जहाँ "विद्युत पारेषण प्रणाली" परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान सदस्य कुंदन सिन्हा ने कहा कि बिहार दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनी जड़ों को संजोने और संवारने का अवसर है। उन्होंने जल संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए समृद्ध और जल-सम्पन्न बिहार की दिशा में एक पहल है।
यात्रा का नेतृत्व कर रहे रतन सिंह तोमर ने बताया कि 533 हफ्तों से लगातार चल रही यह यात्रा इस बात का प्रमाण है कि निरंतर प्रयास से ही बदलाव संभव है। साइकिल यात्रा के माध्यम से प्रदूषण कम करने के साथ-साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है।
संस्था के संस्थापक विवेक कुमार ने जल संचयन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पावर ग्रिड परिसर में किया गया पौधारोपण भूमिगत जल स्तर को बनाए रखने में सहायक होगा। उन्होंने ‘जल ही जीवन है’ के संदेश को व्यवहार में लाने की अपील की।
मलयपुर पहुंचने पर विभिन्न प्रकार के छायादार पौधे लगाए गए और उनके संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया गया। पिछले 533 सप्ताहों से जारी यह साइकिल यात्रा अब जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है, जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे और मोबाइल की लत से दूर कर प्रकृति, खेल और समाज सेवा से जोड़ना है।
इस अवसर पर गोलू कुमार, विशाल सिंह, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, रतन सिंह, लड्डू मिश्रा, संजय मिश्रा, विवेक कुमार, मनेश कुमार, कुंदन मिश्रा, मिथुन कुमार, गौरव कुमार, सचिराज पद्माकर, अमित कुमार सहित कई ग्रामीण एवं कर्मी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment