बिहार इंटर रिजल्ट 2026 जारी, 35 दिनों में परिणाम घोषित कर बोर्ड ने बनाया रिकॉर्ड, साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स का रिजल्ट एक साथ जारी; जमुई के 21,935 परीक्षार्थियों में उत्सुकता
जमुई : बिहार इंटरमीडिएट (12वीं) परीक्षा 2026 का रिजल्ट सोमवार को जारी कर दिया गया। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने बिहार विद्यालय परीक्षा समिति कार्यालय में परिणाम घोषित किया। इस मौके पर बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर भी उपस्थित रहे।
इस वर्ष साइंस, आर्ट्स और कॉमर्स—तीनों संकायों का परिणाम एक साथ जारी किया गया है। करीब 13 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस परीक्षा में शामिल हुए थे। परीक्षा 1 फरवरी से 15 फरवरी 2026 के बीच आयोजित की गई थी। खास बात यह रही कि मात्र 35 दिनों के भीतर ही परिणाम घोषित कर दिया गया, जिससे बिहार बोर्ड ने लगातार आठवीं बार देश में सबसे पहले रिजल्ट जारी करने का रिकॉर्ड कायम रखा है।
जमुई जिले की बात करें तो यहां से कुल 21,935 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे। रिजल्ट जारी होने के साथ ही छात्रों और अभिभावकों में उत्सुकता का माहौल बना हुआ है। परिणाम के आधार पर ही छात्रों के भविष्य की दिशा तय होगी।
पिछले वर्ष 2025 में बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा का परिणाम काफी बेहतर रहा था, जिसमें 86.50 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए थे। जमुई जिले के छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया था। आर्ट्स संकाय में छात्रा रश्मि और साइंस में अनुप्रिया ने शानदार अंक हासिल कर राज्य स्तर पर पहचान बनाई थी।
हालांकि, कभी “टॉपर्स की फैक्ट्री” के रूप में प्रसिद्ध सिमुलतला आवासीय विद्यालय पिछले वर्ष टॉप फाइव में स्थान नहीं बना सका था। लगातार चौथे साल टॉपर्स की सूची से बाहर रहना विद्यालय के लिए चिंता का विषय बना रहा। इस बार विद्यालय से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है।
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और रोल कोड के माध्यम से अपना परिणाम देख सकते हैं। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही रिजल्ट चेक करें और किसी भी फर्जी लिंक से बचें।

No comments:
Post a Comment