झाझा सीएचसी में टोकन सिस्टम लागू, अब आसान और पारदर्शी होगा इलाज, नई व्यवस्था से पर्ची खोने और दवा में गड़बड़ी की समस्या होगी खत्म, मरीजों को मिलेगा बेहतर सुविधा
झाझा/जमुई : जमुई जिले के झाझा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों के इलाज की प्रक्रिया को अधिक सुगम और पारदर्शी बनाने के लिए मंगलवार से टोकन सिस्टम लागू कर दिया गया है।
नई व्यवस्था के तहत अब मरीजों को ऑनलाइन पंजीकरण के बाद सीधे डॉक्टर के पास जाने के बजाय पहले पंजीकरण काउंटर से टोकन (पर्ची) लेना होगा। इसी टोकन के आधार पर डॉक्टर मरीज की जांच करेंगे और दवा का पूरा विवरण ऑनलाइन दर्ज करेंगे।
अस्पताल प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नबाब ने बताया कि जांच के बाद टोकन को फिर से पंजीकरण काउंटर पर जमा किया जाएगा, जहां से दवा का विवरण प्रिंट होकर सीधे दवा काउंटर तक भेजा जाएगा। इसके बाद दवा काउंटर पर मौजूद कर्मी मरीज को निर्धारित दवा उपलब्ध कराएंगे।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस नई प्रणाली से पर्ची खोने, दवा पढ़ने में गलती होने और भीड़भाड़ जैसी समस्याओं में कमी आएगी। साथ ही मरीजों को कम समय में बेहतर और व्यवस्थित इलाज की सुविधा मिल सकेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने मरीजों से अपील की है कि वे नई व्यवस्था के तहत सहयोग करें, ताकि अस्पताल में इलाज की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।

No comments:
Post a Comment