हल्का कर्मचारियों की हड़ताल से अंचल कार्यालयों का कामकाज ठप, लोगों की बढ़ी परेशानी
चकाई, जमुई : प्रखंड मुख्यालय स्थित अंचल कार्यालयों में पिछले करीब 20 दिनों से कामकाज ठप पड़ा है। हल्का कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के कारण राजस्व से जुड़े सरकारी कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गए हैं। कर्मचारियों ने 11 फरवरी से अपनी 17 सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल शुरू की है।
हड़ताल के कारण दाखिल-खारिज, परिमार्जन और एलपीसी (लैंड पजेशन सर्टिफिकेट) जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्य पूरी तरह बंद हैं। इसके अलावा आरटीपीएस काउंटर भी खाली पड़े हैं, जिससे जाति, आवासीय और आय प्रमाण पत्र बनवाने आए लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कर्मचारी संघ का कहना है कि वे अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांगों में ग्रेड पे को 1900 से बढ़ाकर 2800 करने तथा गृह जिले में ही प्रतिनियुक्ति की सुविधा देने की मांग शामिल है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी 17 सूत्री मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
वहीं अंचल कार्यालयों में कामकाज बंद रहने से आम लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं। हालांकि सरकार और कर्मचारी संघ के बीच जारी गतिरोध का अभी तक कोई समाधान निकलता नजर नहीं आ रहा है।

No comments:
Post a Comment