सिमुलतला पहुंचे डीआरएम, स्टेशन का किया निरीक्षण
सिटी संवाददाता : मुकेश कुमार सिंह
सिमुलतला/जमुई : पूर्व रेलवे के आसनसोल रेल मंडल के डीआरएम सौरभ मौर्य गुरुवार को सिमुलतला पहुंचे। डीआरएम श्री मौर्य अपने विशेष निरीक्षण रेल वाहन से दोपहर 12:38 बजे स्टेशन पहुंचे और लगभग एक घंटे तक स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद वे 1:45 बजे आसनसोल रेल मंडल के अंतिम छोर नारगनजो की ओर विंडो निरीक्षण के लिए रवाना हो गए।
अप प्लेटफॉर्म पर उतरते ही डीआरएम ने अमृत भारत और गति शक्ति योजना के तहत निर्मित नए स्टेशन भवन का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने भवन में बने नवनिर्मित टिकट काउंटर, यात्री सुविधाओं और परिसर की संरचनात्मक गुणवत्ता का अवलोकन किया। वहीं डाउन प्लेटफॉर्म के बाहर पश्चिमी रेल परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति देखकर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान वे रैंप पुल से होते हुए डाउन प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और प्रथम श्रेणी प्रतीक्षालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। क्षतिग्रस्त पैदल ऊपरी पुल के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि वे मामले की जानकारी लेकर आगे विचार करेंगे। निरीक्षण के दौरान डीसीएम, डीईएन/सी, सीपीएम, डीईई/जी और डीईएन/2 भी उनके साथ मौजूद थे।
वहीं टेलवा रेल हादसे को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने कहा कि जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती है। हालांकि इस बयान के बाद कई सवाल उठने लगे हैं। गौरतलब है कि टेलवा रेल हादसे के बाद लगभग 72 घंटे तक रेल परिचालन ठप रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की गई थी और उच्च स्तर पर कार्रवाई भी हुई थी। मंडल स्तर पर तबादले भी किए गए थे। इसके बावजूद जांच रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किए जाने से पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का कहना है कि इतने बड़े हादसे की सच्चाई सामने आनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या रेल प्रशासन पारदर्शिता दिखाते हुए जांच की सच्चाई उजागर करेगा या यह सवाल यूं ही बना रहेगा।

No comments:
Post a Comment