रामनवमी व चैती दुर्गा पूजा में डीजे और शस्त्र प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई, जिला प्रशासन की शांति समिति बैठक में स्पष्ट निर्देश, बिना अनुमति जुलूस निकालने पर भी रोक
जमुई : आगामी रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिले में शांति, विधि-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी करते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान डीजे (DJ) के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि किसी भी शोभा यात्रा या जुलूस में शस्त्र प्रदर्शन करना कानून का गंभीर उल्लंघन माना जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्व-त्योहारों की पवित्रता श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता में निहित है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से अपील की कि वे त्योहारों को भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने यह भी कहा कि समाज को आत्ममंथन करने की आवश्यकता है कि पर्वों के दौरान आपसी सौहार्द में खलल क्यों पड़ता है, और इसका समाधान भी समाज के सहयोग से ही संभव है।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति के कोई भी जुलूस निकालना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि छोटी-सी घटना भी बड़े विवाद का रूप ले सकती है, इसलिए सभी को संयम बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। साथ ही, अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शांति भंग करने की आशंका वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 126 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की योजना तैयार कर ली गई है। बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और विश्वास जताया कि जिले में दोनों पर्व शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न होंगे।

No comments:
Post a Comment