चैती छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, उलाय नदी घाट पर दिखी आस्था की छटा, महिलाओं के छठ गीतों से माहौल हुआ भक्तिमय - City Channel

Breaking

Tuesday, March 24, 2026

चैती छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, उलाय नदी घाट पर दिखी आस्था की छटा, महिलाओं के छठ गीतों से माहौल हुआ भक्तिमय

 चैती छठ पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, उलाय नदी घाट पर दिखी आस्था की छटा, महिलाओं के छठ गीतों से माहौल हुआ भक्तिमय

जमुई : लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व चैती छठ के तीसरे दिन मंगलवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और आरोग्य की कामना की।

गणेशी मंदिर के समीप स्थित उलाय नदी घाट पर बड़ी संख्या में छठव्रती अपने परिजनों के साथ पहुंचे। व्रती सिर पर ठेकुआ, फल-फूल और पारंपरिक प्रसाद से सजी डलिया लेकर घाट पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान भास्कर और छठी मइया की पूजा-अर्चना की।

उलाय नदी में पानी की कमी को देखते हुए नगर परिषद ने एक दिन पहले ही जेसीबी से खुदाई कर छठ घाट को दुरुस्त और साफ कराया था। इसके बावजूद कई श्रद्धालुओं ने अपने घरों पर ही तालाबनुमा गड्ढा बनाकर गंगाजल से अर्घ्य देने की व्यवस्था की।

अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं ने व्रतियों को सुप और डलिया थमाकर पूजा में सहयोग किया। घाट पर महिलाओं द्वारा गाए जा रहे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

श्रद्धालुओं के अनुसार, चैत्र शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला यह पर्व पारिवारिक सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु और मनोकामना पूर्ति के लिए विशेष महत्व रखता है, जिसमें स्त्री और पुरुष दोनों समान रूप से भाग लेते हैं।

चार दिवसीय चैती छठ महापर्व का समापन बुधवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ होगा।

No comments:

Post a Comment

Pages