जमुई में मूक-बधिर बच्चा मिला, पहचान नहीं; पुलिस कर रही परिजनों की तलाश, कटौना चौक पर भटकता मिला मासूम, ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 ने लिया संरक्षण में
जमुई : जमुई जिले के कटौना चौक के पास सोमवार देर शाम एक मूक-बधिर बच्चा भटकता हुआ मिला, जिससे इलाके में चिंता का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों की सजगता से बच्चे को सुरक्षित पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चा काफी देर तक चौक के आसपास अकेले घूम रहा था। जब ग्रामीणों ने उससे बातचीत करने की कोशिश की, तो पता चला कि वह न तो बोल सकता है और न ही सुन सकता है। इसके बाद तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में ले लिया। पुलिस ने आसपास के गांवों में उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उसके परिजनों का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
फिलहाल बच्चे को सुरक्षित रूप से मलयपुर थाना में रखा गया है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा कटौना चौक तक कैसे पहुंचा।
मलयपुर थाना पुलिस द्वारा आसपास के क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की जा रही है, ताकि जल्द से जल्द बच्चे की पहचान कर उसे उसके परिवार से मिलाया जा सके।

No comments:
Post a Comment