खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के होली मिलन में झूम उठा जमुई, ढोल-नगाड़ों पर थिरके कार्यकर्ता - City Channel

Breaking

Monday, March 2, 2026

खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के होली मिलन में झूम उठा जमुई, ढोल-नगाड़ों पर थिरके कार्यकर्ता

 खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के होली मिलन में झूम उठा जमुई, ढोल-नगाड़ों पर थिरके कार्यकर्ता

जमुई : शहर के बोधवन तालाब चौक स्थित महावीर वाटिका विवाह भवन में सोमवार को होली का रंग कुछ अलग ही अंदाज में देखने को मिला। बिहार सरकार की खेल मंत्री एवं जमुई विधायक श्रेयसी सिंह द्वारा आयोजित भव्य होली मिलन समारोह में रंग, गुलाल और ढोल-नगाड़ों की थाप से पूरा परिसर उत्सवमय हो उठा।

कार्यक्रम के दौरान श्रेयसी सिंह स्वयं ढोल-नगाड़े बजाती नजर आईं। उनके साथ कार्यकर्ता और समर्थक झूमते, नाचते और एक-दूसरे को गुलाल लगाते दिखाई दिए। उन्होंने लोगों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश देता है तथा समाज को जोड़ने की भावना के साथ मनाया जाना चाहिए।

समारोह में युवाओं का उत्साह और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक गीतों की गूंज और गुलाल के बादलों के बीच माहौल पूरी तरह होलीमय हो गया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गा केसरी और शैलेन्द्र महतो सहित एनडीए गठबंधन के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर सौहार्द और एकता का संदेश दिया। चुनावी वर्ष में नेताओं की एकजुट उपस्थिति राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी रही।

उल्लेखनीय है कि एक दिन पूर्व जमुई के सांसद अरुण भारती ने भी होली मिलन समारोह आयोजित किया था। लगातार दो दिनों तक चले इन आयोजनों ने जिले की राजनीतिक सरगर्मी को और रंगीन बना दिया।

महावीर वाटिका में आयोजित यह समारोह केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक रिश्तों को मजबूत करने का मंच भी साबित हुआ, जहां लोगों ने आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ होली का जश्न मनाया।

No comments:

Post a Comment

Pages