कुंडघाट जलाशय का होगा विकास, जैन थीम पार्क और गेस्ट हाउस बनेगा
जमुई : पहाड़ों की गोद में बसे और भगवान महावीर की पावन स्मृतियों से जुड़े लछुआड़ स्थित कुंडघाट जलाशय की सूरत जल्द बदलने वाली है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रस्तावित समृद्धि यात्रा के दौरान यहां विकास की बड़ी घोषणा होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार कुंडघाट क्षेत्र में लगभग 20 एकड़ भूमि पर जैन थीम पर आधारित फव्वारेयुक्त भव्य पार्क, एक गेस्ट हाउस तथा भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इससे यह क्षेत्र धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो सकेगा।
जिलाधिकारी नवीन ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना का प्राक्कलन तैयार कर लिया गया है और आवश्यक प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली गई हैं। समृद्धि यात्रा के तीसरे चरण में मुख्यमंत्री के लछुआड़ आगमन के दौरान इस योजना का शिलान्यास किए जाने की संभावना है।
ऊंची-ऊंची पहाड़ियों, घने जंगलों और हरियाली से घिरा कुंडघाट जलाशय पहले से ही अपने प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है। प्रस्तावित फव्वारेयुक्त पार्क बनने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक प्रकृति की खूबसूरती के साथ आधुनिक पर्यटन सुविधाओं का भी आनंद ले सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार कुंडघाट जलाशय क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की योजना तैयार की गई है। पार्क और गेस्ट हाउस के निर्माण से यहां आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

No comments:
Post a Comment