सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत, चार घंटे रहा चक्का जाम - City Channel

Breaking

Thursday, March 12, 2026

सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत, चार घंटे रहा चक्का जाम

 सड़क हादसे में शिक्षिका की मौत, चार घंटे रहा चक्का जाम



सोनो (जमुई): सोनो-झाझा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह भीठरा स्कूल के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 29 वर्षीय शिक्षिका शिवानी कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब चार घंटे तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवानी कुमारी अपने मायके खैरा थाना क्षेत्र के टिहिया गांव से ऑटो से विद्यालय जा रही थीं। वह लखीसराय जिले के बड़हिया स्थित प्राथमिक विद्यालय पुरानी छावनी में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विपरीत दिशा से रही एक अज्ञात ट्रक का लोहे का सीकड़ खुला हुआ था। ऑटो के पास से गुजरते समय वह सीकड़ सीधे शिक्षिका के चेहरे से टकरा गया। चोट इतनी गंभीर थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद ट्रक और ऑटो चालक वाहन लेकर फरार हो गए। बताया जाता है कि शिवानी की शादी पिछले वर्ष अप्रैल में बड़हिया निवासी रामानंद सिंह से हुई थी। उनके पिता संजय सिंह ने बड़े संघर्ष से अपनी इकलौती बेटी को पढ़ा-लिखाकर शिक्षिका बनाया था, लेकिन शादी की पहली सालगिरह से पहले ही यह दुखद घटना हो गई। जानकारी के अनुसार वह बकाया वेतन के सिलसिले में जमुई आई थीं और गुरुवार को ड्यूटी पर लौट रही थीं।

घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने भीठरा के पास सड़क जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर करीब सुबह 9 बजे जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया है और फरार वाहन की तलाश में जुट गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages