जमुई में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की तैयारी शुरू, मकान सूचीकरण व मकान गणना को लेकर तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ
जमुई : भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकान गणना से संबंधित जिला स्तरीय तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी-सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी श्री नवीन कुमार (भा.प्र.से.) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिला स्तरीय जनगणना समन्वय समिति (DLCCC) के सदस्य, जनगणना कोषांग के अधिकारी, सभी चार्ज अधिकारी, अपर चार्ज पदाधिकारी, सहयोगी लिपिक तथा तकनीकी सहायकों ने भाग लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि भारत की जनगणना एक महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या, आवासीय स्थिति तथा सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े प्राप्त होते हैं। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी को गंभीरता से समझें और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न करें।
प्रशिक्षण के दौरान पटना से आए विशेषज्ञों ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 2 मई से 31 मई तक मकान सूचीकरण और मकान गणना का कार्य किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना की जाएगी।
प्रशिक्षकों ने बताया कि चार्ज पदाधिकारी के रूप में प्रखंड विकास पदाधिकारी और कार्यपालक पदाधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उनके स्तर से सभी पर्यवेक्षकों और प्रगणकों का CMMS पोर्टल पर यूजर आईडी बनाना, नियुक्ति पत्र जारी करना तथा प्रशिक्षण देना सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक HLB का सटीक लेआउट मैप तैयार कर फील्ड कार्यों का भौतिक निरीक्षण भी किया जाएगा। प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक नियुक्त रहेगा, जो उनके कार्यों का सत्यापन करेगा।
प्रशिक्षण में मकान सूचीकरण और मकान गणना की प्रक्रिया, डेटा संकलन की पद्धति तथा तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। तीन दिवसीय इस प्रशिक्षण में पहले दिन सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया गया, जबकि अगले दो दिनों में एंड्रॉयड मोबाइल और ऐप के उपयोग, स्व-गणना की प्रक्रिया, जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली, मकान सूचीकरण ब्लॉक सृजन वेब पोर्टल तथा वास्तविक समय डेटा प्रसारण से संबंधित हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस दौरान प्रशिक्षुओं ने विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल, अपर समाहर्ता-सह-विभागीय जांच-सह-वरीय पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) बालमुकुंद प्रसाद, अपर समाहर्ता-सह-जिला जनगणना पदाधिकारी रविकांत सिंहा, डीसीएलआर सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मेनका कुमारी, कार्यपालक अभियंता-सह-नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण कोषांग) गौतम कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

.jpeg)

No comments:
Post a Comment