मुख्यमंत्री की संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ को लेकर डीएम ने की विकास योजनाओं की समीक्षा
जमुई : मुख्यमंत्री की संभावित ‘समृद्धि यात्रा’ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने बुधवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में संचालित ‘सात निश्चय-2’ समेत विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने कृषि और ग्रामीण आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ और ‘मुख्यमंत्री कृषि विद्युत संबंध योजना’ की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।
इसके साथ ही जिले की खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक ग्राम एवं नगर पंचायत में स्पोर्ट्स क्लब के गठन और खेल मैदानों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में प्रमुख नदी घाटों पर विद्युत शवदाह गृह तथा पंचायतों में मोक्षधाम निर्माण कार्यों की प्रगति और उनकी क्रियाशीलता की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कॉलेजों के प्राचार्यों और भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं से प्रस्तावित डिग्री कॉलेजों के निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं की रिपोर्टिंग और आंकड़ों में पूरी सटीकता बरती जाए, ताकि जिले के विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयास से जमुई जिला मुख्यमंत्री की संभावित समृद्धि यात्रा के दौरान विकास की उत्कृष्ट छवि प्रस्तुत करेगा।
बैठक में विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ तथा प्रमुख संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

No comments:
Post a Comment