जमुई में बनेंगे 10 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण और ई-वाहनों को मिलेगा बढ़ावा - City Channel

Breaking

Wednesday, March 11, 2026

जमुई में बनेंगे 10 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण और ई-वाहनों को मिलेगा बढ़ावा

 जमुई में बनेंगे 10 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत पर्यावरण संरक्षण और ई-वाहनों को मिलेगा बढ़ावा

जमुई : जिले में पर्यावरण संरक्षण और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रधानमंत्री ई-ड्राइव योजना के तहत जमुई जिले में कुल 10 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें जमुई नगर परिषद क्षेत्र में 7 तथा नगर पंचायत सिकंदरा में 3 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।

परिवहन विभाग के निर्देशानुसार, भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग को देखते हुए इस योजना को लागू किया गया है। वर्ष 2024 में जारी अधिसूचना के तहत इस योजना को लगभग 10,900 करोड़ रुपये के बजट के साथ मंजूरी दी गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य देश में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना और इसके लिए आवश्यक चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करना है।

इस योजना के तहत शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर भी पर्याप्त संख्या में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए राज्य स्तर पर करीब 2,000 करोड़ रुपये तक के वित्तीय सहयोग का प्रावधान किया गया है।

जिला परिवहन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जमुई नगर परिषद क्षेत्र में बस स्टैंड (वार्ड संख्या 8), शगुन वाटिका (वार्ड 12), टेंपो स्टैंड (वार्ड 8), अतिथि पैलेस (वार्ड 12), सिकंदरा रोड स्थित डॉक्टर नीरज शाह क्लिनिक (वार्ड 14), पीडी मध्य विद्यालय (वार्ड 24) तथा खैर मोड़ स्थित गैस एजेंसी (वार्ड 18) को चार्जिंग स्टेशन के लिए चिन्हित किया गया है।

वहीं नगर पंचायत सिकंदरा में सरकारी बस स्टैंड (वार्ड 2), प्राइवेट बस स्टैंड जिला परिषद (वार्ड 1) और जमुई रोड (वार्ड 8) में सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि इस योजना के तहत जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चिन्हित स्थानों पर जल्द ही चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, जिससे स्थानीय लोगों और यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

No comments:

Post a Comment

Pages