समृद्धि यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने कुंड घाट व लछुआड़ का किया निरीक्षण - City Channel

Breaking

Tuesday, March 10, 2026

समृद्धि यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने कुंड घाट व लछुआड़ का किया निरीक्षण

 समृद्धि यात्रा की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम ने कुंड घाट व लछुआड़ का किया निरीक्षण

जमुई। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संभावित समृद्धि यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी  श्री नवीन ने लछुआड़ और कुंड घाट जलाशय परियोजना क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी  श्री नवीन ने कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर हेलीपैड, मुख्य मंच, सुरक्षा व्यवस्था और आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले विकास स्टॉल, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य तय समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह दौरा प्रशासन के लिए महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने आयोजन स्थल पर पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त रोशनी और पार्किंग जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा, जिससे वीआईपी मूवमेंट के दौरान भी आम लोगों को परेशानी न हो।

इसके अलावा नगर पंचायत सिकंदरा और नगर परिषद जमुई के अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और पहुंच मार्गों की साफ-सफाई व व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages