होली से पहले जमुई में बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Sunday, March 1, 2026

होली से पहले जमुई में बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 होली से पहले जमुई में बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


जमुई : होली पर्व से पहले अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज करते हुए उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। चंद्रदीप थाना क्षेत्र के अलीगंज में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है। इस दौरान दो शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीगंज निवासी बिजली चौधरी और मानपुर निवासी मोहन राम के रूप में हुई है।
उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अश्विनी कुमार ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि बालाडीह गांव से बाइक के जरिए अवैध शराब की खेप अलीगंज लाई जा रही है, जिसे होली के दौरान खपाने की योजना थी। सूचना के सत्यापन के बाद टीम ने छापेमारी कर दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

अवर निरीक्षक ने यह भी बताया कि आरोपी बिजली चौधरी के खिलाफ पहले से ही शराब अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। वहीं, गिरफ्तारी के बाद आरोपी के भाई द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी सामने आई है।

इस मामले पर उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने कहा कि शराब तस्करी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। होली को देखते हुए जिले में विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सरकारी कार्य में बाधा डालने या अधिकारियों को धमकाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

No comments:

Post a Comment

Pages