जमुई में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, 7428 से अधिक सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध
🔹प्रशासन की निगरानी में रोजाना 6 हजार से ज्यादा डिलीवरी, कालाबाजारी पर सख्ती।
जमुई : जमुई जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में जिले में 7428 से अधिक गैस सिलेंडरों का सुरक्षित भंडार मौजूद है, जिससे दैनिक जरूरतें आसानी से पूरी की जा रही हैं।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि जिले में बीपीसी, एचपीसी और आईओसी कंपनियों के माध्यम से कुल 19,197 रिफिल बुकिंग प्राप्त हैं, जबकि 31,763 सिलेंडर डिलीवरी की प्रक्रिया में हैं। प्रतिदिन औसतन 6,345 सिलेंडरों की होम डिलीवरी की जा रही है, जबकि कुल मांग 7,620 सिलेंडरों की है। बैकलॉग की स्थिति लगभग 4.1 दिन की है, जिसे तेजी से कम किया जा रहा है।
प्रशासन के अनुसार, आईओसी के माध्यम से सबसे अधिक 4,817 सिलेंडरों की दैनिक आपूर्ति की जा रही है, जिससे वितरण व्यवस्था संतुलित बनी हुई है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए बुकिंग का समय अंतराल भी तय किया गया है। शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन के अंतराल पर बुकिंग की जा सकती है। साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बुकिंग के 2 से 3 दिनों के भीतर गैस की होम डिलीवरी हो जाए।
कालाबाजारी और अवैध जमाखोरी रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष छापेमारी दल गठित किए हैं, जो लगातार एजेंसियों की जांच कर रहे हैं। किसी भी अनियमितता पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जनता की शिकायतों के समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है। नागरिक गैस या पेट्रोल-डीजल से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए 06345-222001 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला पदाधिकारी ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगाएं।

No comments:
Post a Comment