गिद्धौर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 68.625 लीटर विदेशी शराब जब्त, दो गिरफ्तार
गिद्धौर/जमुई : गिद्धौर पुलिस को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 68.625 लीटर विदेशी शराब बरामद की है तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त एक हरे रंग का टेम्पो (संख्या बीआर 46पी 5049) भी जब्त किया गया है।
पुलिस को शनिवार को सूचना मिली थी कि गांधी आश्रम गंगरा निवासी सूरज कुमार अपने टेम्पो से देवघर से विदेशी शराब लाकर गिद्धौर के रास्ते अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जमुई के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान गांधी आश्रम, गंगरा के समीप पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे सशस्त्र बल की सहायता से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज कुमार बताया। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह देवघर से शराब लाकर जमुई के शिवनडीह निवासी विक्रम कुमार के यहां डिलीवरी कर चुका है।
सूरज कुमार की निशानदेही पर पुलिस टीम शिवनडीह पहुंची, जहां से कुल 120 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब में विभिन्न ब्रांड की व्हिस्की, वोडका और बीयर शामिल हैं, जिनकी कुल मात्रा 68.625 लीटर आंकी गई है।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि सूरज कुमार और विक्रम कुमार को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

No comments:
Post a Comment