नक्सल प्रभावित क्षेत्र की अंजुम बानो बनी जिला टॉपर, 474 अंक हासिल, आर्थिक तंगी के बीच पाई सफलता, डीईओ ने किया सम्मानित - City Channel

Breaking

Wednesday, March 25, 2026

नक्सल प्रभावित क्षेत्र की अंजुम बानो बनी जिला टॉपर, 474 अंक हासिल, आर्थिक तंगी के बीच पाई सफलता, डीईओ ने किया सम्मानित

 नक्सल प्रभावित क्षेत्र की अंजुम बानो बनी जिला टॉपर, 474 अंक हासिल, आर्थिक तंगी के बीच पाई सफलता, डीईओ ने किया सम्मानित

जमुई : जमुई जिले के खैरा प्रखंड की इस्लामनगर निवासी अंजुम बानो ने इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 में कला संकाय से जिला टॉपर बनकर नया इतिहास रच दिया है। उत्क्रमित उच्च विद्यालय गरही की छात्रा अंजुम ने कुल 474 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की।

अंजुम के पिता एमडी रफाकत हुसैन केरल में दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक तंगी के बावजूद अंजुम ने कठिन परिस्थितियों में अपनी पढ़ाई जारी रखी और शानदार सफलता प्राप्त की।

गरही और आसपास का इलाका पहले नक्सल प्रभावित माना जाता रहा है, जहां शिक्षा की सुविधाएं अब भी सीमित हैं। ऐसे माहौल में अंजुम का जिला टॉपर बनना समाज के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है।

इस उपलब्धि पर उत्क्रमित उच्च विद्यालय गरही में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर ने अंजुम बानो को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। विद्यालय की प्राचार्य एवं शिक्षकों ने इसे विद्यालय के लिए गौरव का क्षण बताया।

समारोह में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और ग्रामीण मौजूद रहे।

अंजुम बानो ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और अपनी कड़ी मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि उनका सपना भविष्य में एक बड़ी अधिकारी बनने का है।

अंजुम की इस उपलब्धि से पूरे गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

No comments:

Post a Comment

Pages