होली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4046.955 लीटर अवैध शराब नष्ट - City Channel

Breaking

Sunday, March 1, 2026

होली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4046.955 लीटर अवैध शराब नष्ट

 होली से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 4046.955 लीटर अवैध शराब नष्ट

जमुई। आगामी होली पर्व को शांति, सौहार्द और अमन-चैन के साथ संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिला पदाधिकारी नवीन के कड़े निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में मलयपुर स्थित मलयपुर पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न 41 कांडों के अंतर्गत जब्त की गई कुल 4046.955 लीटर अवैध शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया। शराब नष्ट करने की प्रक्रिया प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी सह अंचल अधिकारी (बरहट) मयंक अग्रवाल एवं उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई।

प्रशासन ने इसे त्योहार के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा बताया है। एक दिन पूर्व जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में अवैध भंडारण, परिवहन और निर्माण पर सख्त निगरानी रखने तथा पूर्ण उन्मूलन के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई थी। उसी रणनीति के तहत यह कार्रवाई की गई।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों और शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाते हुए कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि शराब से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को दें। प्रशासन ने कहा कि होली रंगों, प्रेम और भाईचारे का पर्व है, न कि नशे का। ‘नशामुक्त होली’ के संकल्प के साथ पर्व को गरिमामय ढंग से मनाने की अपील की गई है।

No comments:

Post a Comment

Pages