जमुई में रसोई गैस आपूर्ति सामान्य, प्रशासन ने जारी की ताजा रिपोर्ट, 3.25 लाख उपभोक्ताओं को मिल रही नियमित सेवा, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
जमुई : जमुई जिले में रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और सुचारू बनी हुई है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार के निर्देशन में जिला आपूर्ति शाखा द्वारा जारी अद्यतन रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, जिले की 30 गैस एजेंसियों के माध्यम से कुल 3,25,207 पंजीकृत उपभोक्ताओं को सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। 23 मार्च तक की समीक्षा में पाया गया कि एक दिन में 2,939 गैस सिलेंडरों की बुकिंग हुई, जबकि एजेंसियों द्वारा सक्रियता दिखाते हुए 3,387 सिलेंडरों की होम डिलीवरी की गई।
वितरण के बाद भी जिले में 6,398 सिलेंडरों का पर्याप्त क्लोजिंग स्टॉक उपलब्ध है, जिससे आने वाले दिनों की मांग को आसानी से पूरा किया जा सकेगा। अलीगंज, गिद्धौर, लक्ष्मीपुर, जमुई, सोनो, झाझा, चकाई और खैरा प्रखंडों में इंडियन, भारत और एचपी गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।
हालांकि, कुछ एजेंसियों पर बुकिंग का दबाव अधिक है, जिसके कारण करीब 15,235 लंबित बुकिंग्स को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और बॉटलिंग प्लांट से आपूर्ति नियमित रूप से जारी है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या के लिए संबंधित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी से संपर्क करें।

No comments:
Post a Comment