जमुई स्टेडियम में “बालिका शिक्षा संकल्प सह सम्मान” कार्यक्रम, 300 बालिकाएं सम्मानित, सावित्रीबाई फुले शिक्षा सम्मान से नवाजी गईं छात्राएं, डीएम बोले— शिक्षा ही सशक्तिकरण की कुंजी - City Channel

Breaking

Monday, March 23, 2026

जमुई स्टेडियम में “बालिका शिक्षा संकल्प सह सम्मान” कार्यक्रम, 300 बालिकाएं सम्मानित, सावित्रीबाई फुले शिक्षा सम्मान से नवाजी गईं छात्राएं, डीएम बोले— शिक्षा ही सशक्तिकरण की कुंजी

 जमुई स्टेडियम में “बालिका शिक्षा संकल्प सह सम्मान” कार्यक्रम, 300 बालिकाएं सम्मानित, सावित्रीबाई फुले शिक्षा सम्मान से नवाजी गईं छात्राएं, डीएम बोले— शिक्षा ही सशक्तिकरण की कुंजी

जमुई : जमुई स्टेडियम में “बालिका शिक्षा संकल्प सह सम्मान” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समग्र सेवा संस्था के प्रयासों से पढ़ाई की मुख्यधारा में लौटीं 300 बालिकाओं और महिलाओं को “सावित्रीबाई फुले शिक्षा सम्मान” से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिलाधिकारी नवीन कुमार, दयाशंकर प्रसाद, नितिन कुमार, संस्था के सचिव मकेश्वर तथा बालिकाओं द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

सम्मानित की गईं बालिकाएं और महिलाएं वे थीं, जिन्होंने किसी कारणवश अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी, लेकिन संस्था के प्रयासों से दोबारा शिक्षा से जुड़ पाईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि शिक्षा सशक्त समाज की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने बालिकाओं को निरंतर आगे बढ़ने, उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया। डीएम ने यह भी कहा कि यह सम्मान अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है और प्रशासन हर संभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

संस्था के सचिव मकेश्वर ने बताया कि इन बालिकाओं को बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) के माध्यम से मैट्रिक परीक्षा की तैयारी कराई गई थी। मुंगेर में आयोजित परीक्षा में 900 शिक्षार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से 292 बालिकाएं सफल रहीं। इस अवसर पर 70 “प्रेरक दीदी” को भी अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने सरकार से परीक्षा केंद्र को जिला स्तर पर स्थापित करने, परीक्षा शुल्क माफ करने और किताबों की आसान उपलब्धता जैसी मांगें भी रखीं। साथ ही, चिमनी भट्टा पर काम करने वाले परिवारों की बेटियों को शिक्षा से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर पटना से आईं गुंजन कुमारी और प्रकाश कुमार ने भी अपने विचार साझा किए। जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 500 लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम में “बाल साथी शिक्षा फेलोशिप” की भी शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य ‘खुद पढ़ेंगे और पढ़ाएंगे’ के संकल्प के साथ बालिका शिक्षा को और सशक्त बनाना है। यह आयोजन शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए समाज को नई दिशा देने वाला साबित हुआ।

No comments:

Post a Comment

Pages