झाझा में 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उद्घाटन, 5.75 करोड़ की लागत से हुआ निर्माण, विधायक दामोदर रावत ने किया लोकार्पण, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का जताया भरोसा
झाझा/जमुई : झाझा में 5 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से निर्मित 30 बेड वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का सोमवार को विधिवत उद्घाटन किया गया। जदयू विधायक दामोदर रावत ने फीता काटकर अस्पताल का लोकार्पण किया। इस मौके पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवाब और सेवानिवृत्त चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के बाद विधायक ने बताया कि 18 मार्च को समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने लछुआड़ में कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया था, जिसमें यह स्वास्थ्य केंद्र भी शामिल था।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पूर्ण हो चुकी योजनाओं को शीघ्र चालू करने के निर्देश के तहत इस अस्पताल का विधिवत उद्घाटन किया गया है। निर्माण कार्य समय पर पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया गया है।
विधायक दामोदर रावत ने विश्वास जताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी और सरकारी अस्पतालों के प्रति भरोसा और मजबूत होगा।
उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय से कोल्ड चेन और ब्लड स्टोरेज की मांग की जा रही थी। अब अस्पताल में ब्लड स्टोरेज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे जरूरतमंद मरीजों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर अस्पताल के बीएचएम सुभाषचंद्र, जदयू नगर अध्यक्ष बबलू सिन्हा, प्रखंड अध्यक्ष राकेश दास, राजेश कुमार, विजय अग्रहरी, मुकेश राजहंस, छेदी पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और अस्पताल कर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में लोगों ने नई स्वास्थ्य सुविधा शुरू होने पर खुशी जाहिर की।

No comments:
Post a Comment