चकाई-जमुई मार्ग पर पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 26 मवेशी मुक्त, ट्रक चालक गिरफ्तार
चकाई/जमुई : चकाई-जमुई मुख्य मार्ग पर नावाडीह गांव के पास शनिवार देर रात पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में मवेशी लदा एक 14 चक्का ट्रक जब्त किया गया, जबकि ट्रक पर लदे 26 मवेशियों को मुक्त कराया गया। ये मवेशी पश्चिम बंगाल ले जाए जा रहे थे। मौके से ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।
चकाई थाना प्रभारी सर्वजीत कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि नावाडीह गांव के एक निजी अड्डे से बड़ी संख्या में मवेशियों को बंगाल भेजा जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने नावाडीह में घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक पर क्षमता से अधिक मवेशी लदे पाए गए।
पूछताछ के दौरान चालक पशु खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध कागजात या पशुपालन पदाधिकारी द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। गिरफ्तार चालक की पहचान भागलपुर के बायपास थाना क्षेत्र निवासी मो. शहाबुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक के साथ-साथ मौके से दो बाइक भी जब्त की हैं।
पुलिस ने इस मामले में ट्रक मालिक, बाइक मालिक, चालक मो. शहाबुद्दीन, पशु तस्कर मो. शेरू, मो. रिजवान और अड्डे के संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जब्त किए गए मवेशियों को देखभाल के लिए स्थानीय गौशाला में सौंप दिया गया है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी के साथ एसआई शिवनंदन कुमार, मंटू कुमार, आलो रानी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

No comments:
Post a Comment