यूको बैंक की रेकी कर रहे दो बदमाश गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद - City Channel

Breaking

Monday, March 16, 2026

यूको बैंक की रेकी कर रहे दो बदमाश गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

 यूको बैंक की रेकी कर रहे दो बदमाश गिरफ्तार, देशी कट्टा और कारतूस बरामद

जमुई : जमुई जिले के झाझा नगर में यूको बैंक की रेकी कर रहे चार बदमाशों में से दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, गांजा और एक बाइक बरामद की है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाशों ने पूछताछ में बताया कि वे बैंक लूटने और बैंक से पैसे निकालकर निकलने वाले लोगों को निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। यह साजिश उनके फरार साथियों अजय और चिन्ना के साथ मिलकर रची गई थी।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध दो बाइकों पर शहर में घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही झाझा थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने वरीय अधिकारियों को जानकारी दी और सादे लिबास में पुलिस टीम के साथ शहर में गश्त शुरू कर दी।

सुबह गश्त के दौरान पुलिस की नजर चारों संदिग्धों पर पड़ी। पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू किया, लेकिन बदमाशों को भनक लगते ही वे बाइक बदलकर दो अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। पुलिस ने गांधी चौक के पास एक बाइक पर सवार दो बदमाशों का पीछा किया।

भागते हुए बदमाश दुर्गा मंदिर स्थित यूको बैंक के पास से बरमसिया की ओर बढ़े। श्याम मंदिर के पास जाम लगने पर उन्होंने बाइक छोड़ दी और तीन दीवारें फांदते हुए उलाय नदी की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने नदी में दोनों बदमाशों को पकड़ लिया।

थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों की पहचान ओडिशा राज्य के गंजाम जिले के अस्का गांव निवासी मुरली और चंदू के रूप में हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

No comments:

Post a Comment

Pages