जमुई में बड़ी कार्रवाई: 1513 बोतल विदेशी शराब के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, धनबाद से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी खेप, दो लग्जरी कारें जब्त - City Channel

Breaking

Wednesday, March 25, 2026

जमुई में बड़ी कार्रवाई: 1513 बोतल विदेशी शराब के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, धनबाद से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी खेप, दो लग्जरी कारें जब्त

जमुई में बड़ी कार्रवाई: 1513 बोतल विदेशी शराब के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, धनबाद से समस्तीपुर ले जाई जा रही थी खेप, दो लग्जरी कारें जब्त

जमुई : बिहार में शराबबंदी कानून के सख्त अनुपालन के बीच जमुई जिला प्रशासन को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है।

विशेष छापेमारी के दौरान दो लग्जरी कारों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें कुल 1513 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई। मापी के अनुसार जब्त शराब की मात्रा करीब 625 लीटर पाई गई। यह खेप झारखंड के धनबाद से बिहार के समस्तीपुर ले जाई जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान मौके से चार अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को भी जब्त कर लिया गया है।

बताया जाता है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिला पदाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल के नेतृत्व में NCORD (नारको कोऑर्डिनेशन सेंटर) की नियमित समीक्षा बैठकों के जरिए सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जा रहा है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी प्रकार की शराब तस्करी या मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

आने वाले दिनों में जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग अभियान को और अधिक सघन बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:

Post a Comment

Pages