‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा बैठक: विकास संकेतकों में सुधार हेतु समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश - City Channel

Breaking

Saturday, February 28, 2026

‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा बैठक: विकास संकेतकों में सुधार हेतु समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की समीक्षा बैठक: विकास संकेतकों में सुधार हेतु समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

जमुई। जिला पदाधिकारी कक्ष में जिलाधिकारी श्री नवीन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ की कार्य प्रगति की समीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह पहल नीति आयोग, भारत सरकार एवं जिला प्रशासन, Jamui के संयुक्त प्रयास से संचालित की जा रही है। इसका उद्देश्य आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रमों के तहत निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान का मूल लक्ष्य जिले के विकास संकेतकों में ठोस और स्थायी सुधार लाना है, ताकि सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र नागरिक तक पहुँच सके। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित ‘की परफॉर्मेंस इंडिकेटर’ (KPI) को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करें, जिससे विकास की गति अवरुद्ध न हो।

जिलाधिकारी श्री नवीन ने विभागों के बीच बेहतर समन्वय और टीम वर्क पर विशेष बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयास से ही संतृप्ति लक्ष्य (Saturation Point) हासिल किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्तर पर 28 जनवरी 2026 से प्रारंभ हुआ यह अभियान 14 अप्रैल 2026 तक संचालित रहेगा। इस अवधि में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, वित्तीय समावेशन, जल-स्वच्छता एवं आधारभूत संरचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों में विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने दोहराया कि प्रशासन की प्राथमिकता निर्धारित मापदंडों में जमुई को अग्रणी स्थान पर स्थापित करना है, जिसके लिए धरातल पर ठोस कार्रवाई और नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य है।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी तथा सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Pages