जिलाधिकारी ने किसान रजिस्ट्रेशन कैंप का किया निरीक्षण, किसानों के पंजीकरण कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश
जमुई : जिले में संचालित किसान रजिस्ट्रेशन अभियान की प्रगति का जायज़ा लेने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी श्री नवीन एवं पुलिस अधीक्षक श्री विश्वजीत दयाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न प्रखंडों में जारी किसान रजिस्ट्रेशन कैंपों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का रजिस्ट्रेशन कार्य समयबद्ध एवं सुचारु रूप से पूरा किया जाए।
जिले में किसान रजिस्ट्रेशन कैंप का प्रथम चरण 6 जनवरी से 9 जनवरी 2026 तक सभी अंचलों में आयोजित किया जा रहा है। इन कैंपों का उद्देश्य किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना और कृषि से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाना है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रेशन काउंटर, तकनीकी सहायता, किसान सुविधा व्यवस्था तथा दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले के सभी प्रखंडों में कैंपों की निगरानी वरीय पदाधिकारियों द्वारा की जा रही है। वहीं आज विभिन्न प्रखंडों में निरीक्षण करने वाले अधिकारियों में अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री बालमुकुंद प्रसाद, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री वीरेंद्र कुमार, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री अनिल कुमार रमण, अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री सुजीत कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री विनोद प्रसाद, वरीय उप समाहर्ता श्री सावन कुमार, श्री नागमणि वर्मा एवं जिला योजना पदाधिकारी श्री भानु प्रकाश शामिल थे।
इन सभी अधिकारियों ने अपने-अपने आवंटित क्षेत्रों में भ्रमण कर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया का निरीक्षण किया तथा किसानों की समस्याओं को मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि के भीतर अपने निकटतम कैंप में पहुंचकर रजिस्ट्रेशन अवश्य कराएं, ताकि उन्हें आगामी कृषि योजनाओं और लाभों का समय पर फायदा मिल सके।

No comments:
Post a Comment