उत्तर भारत में बर्फबारी का असर बिहार में भी, पारा लुढ़का—कई जिलों में स्कूल बंद, कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट
पटना : जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जारी बर्फबारी का सीधा असर बिहार में दिखने लगा है। पूरे प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड पड़ रही है। बढ़ती ठिठुरन को देखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
पटना समेत कई जिलों में 8वीं तक के स्कूल बंद
ठंड के प्रभाव को ध्यान में रखते हुए पटना और नालंदा जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को 11 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
वैशाली जिला प्रशासन ने इससे एक कदम आगे बढ़ते हुए 10वीं तक के सभी स्कूल 11 जनवरी तक बंद कर दिए हैं।
इसके अलावा बेगूसराय, मुंगेर, सुपौल, भोजपुर और भागलपुर में भी 8वीं तक के सभी स्कूल 10 जनवरी तक बंद रहेंगे।
बांका में 12 जनवरी तक और बक्सर में 13 जनवरी तक कक्षा 8 तक के स्कूल बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
तापमान 10 डिग्री से नीचे, भागलपुर सबसे ठंडा
मधुबनी को छोड़कर बिहार के 37 जिलों में न्यूनतम तापमान 10°C से नीचे दर्ज किया गया है।
पिछले 24 घंटे में शेखपुरा, छपरा, किशनगंज और गया में न्यूनतम तापमान 7°C दर्ज किया गया।
सबसे कम तापमान भागलपुर में 4.4°C रिकॉर्ड किया गया, जबकि समस्तीपुर में यह 5.6°C रहा।
कोहरा छाया, ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पूरे बिहार के लिए कोहरे और कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पटना में घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच गई। कई इलाकों में हल्की ओस की बारिश भी हुई।
गुरुवार को पटना का न्यूनतम तापमान 9.8°C दर्ज किया गया।
कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी दिखा। बुधवार को पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की 5 जोड़ी उड़ानें रद्द और 22 जोड़ी लेट रहीं।
बक्सर में सड़क हादसा, दो लोगों की मौत
घने कोहरे के चलते बक्सर के नवानगर थाना क्षेत्र के कड़सर गांव के पास NH-319 पर दो ट्रकों की टक्कर हो गई।
हादसा सुबह 6 बजे हुआ, जिसमें चालक और खलासी की मौत हो गई।
पछुआ हवा बढ़ा रही ठंड, राहत की उम्मीद नहीं
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते मैदानी इलाकों में ठंडी पछुआ हवा बह रही है।
इसके कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे जा रहा है।
अगले 3–4 दिनों तक ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। धूप निकलने के बावजूद ठिठुरन महसूस हो रही है।
20–30 km/h की रफ्तार से चलेंगी ठंडी हवाएं
आज कई जिलों में 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। इससे कनकनी और बढ़ेगी।
खुले इलाकों, खेतों और हाईवे पर इसका असर ज्यादा रहेगा।
बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग विशेष सावधानी बरतें
मौसम विभाग ने सलाह दी है कि बुजुर्ग, छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग अतिरिक्त सावधानी बरतें, गरम कपड़ों का प्रयोग करें और अनावश्यक बाहर न निकलें।

No comments:
Post a Comment