साइबर ठगी के आरोपी को हरियाणा पुलिस ने जमुई से किया गिरफ्तार - City Channel

Breaking

Monday, August 4, 2025

साइबर ठगी के आरोपी को हरियाणा पुलिस ने जमुई से किया गिरफ्तार

साइबर ठगी के आरोपी को हरियाणा पुलिस ने जमुई से किया गिरफ्तार

🔹5 लाख की ठगी का था मामला, फरीदाबाद थाने में दर्ज है एफआईआर।

जमुई/बिहार : हरियाणा पुलिस ने रविवार रात जमुई जिला के कल्याणपुर निवासी एक युवक को साइबर ठगी के गंभीर आरोप में गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में स्थानीय टाउन थाना पुलिस ने हरियाणा पुलिस की टीम को सहयोग प्रदान किया।

गिरफ्तार युवक की पहचान दीपक कुमार (उम्र 22 वर्ष), पिता लखन रावत के रूप में हुई है। वह जमुई नगर परिषद क्षेत्र के कल्याणपुर मोहल्ला का निवासी है।

टाउन थाने के प्रभारी शेखर सौरव ने जानकारी दी कि हरियाणा के फरीदाबाद थाना में दर्ज एक साइबर ठगी मामले में दीपक कुमार नामजद अभियुक्त था। आरोप है कि उसने हरियाणा के कुछ नागरिकों से करीब 5 लाख रुपये की ठगी की थी।

हरियाणा पुलिस को दीपक का मोबाइल लोकेशन जमुई में मिला, जिसके बाद रविवार देर रात पुलिस टीम ने कल्याणपुर में छापेमारी की और स्थानीय पुलिस की सहायता से आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सोमवार को हरियाणा पुलिस आरोपी को अपने साथ ले गई। थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने पुष्टि की कि यह गिरफ्तारी साइबर अपराध के अंतर्गत दर्ज मुकदमे के आधार पर की गई है।

इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि साइबर ठगी जैसे अपराधों में शामिल लोगों को कानून के शिकंजे से बच निकलना मुश्किल है।

No comments:

Post a Comment

Pages