सरकारी अनुशंसा के विपरीत बन रहा है ठाढ़ी पंचायत सरकार भवन, भाकपा-माले ने जताया विरोध - City Channel

Breaking

Sunday, August 3, 2025

सरकारी अनुशंसा के विपरीत बन रहा है ठाढ़ी पंचायत सरकार भवन, भाकपा-माले ने जताया विरोध

सरकारी अनुशंसा के विपरीत बन रहा है ठाढ़ी पंचायत सरकार भवन, भाकपा-माले ने जताया विरोध

जमुई/बिहार : राजीव रंजन/राकेश कुमार

चकाई प्रखंड अंतर्गत ठाढ़ी पंचायत में पंचायत सरकार भवन के निर्माण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सरकारी आदेशों और ग्रामसभा की अनुशंसा के विरुद्ध भवन निर्माण के खिलाफ भाकपा-माले के नेतृत्व में जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय धरना आयोजित किया गया।

धरने की अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता बासुदेव रॉय ने की। मौके पर उपस्थित माले नेता राहुल यादव ने आरोप लगाया कि चकाई प्रखंड में सरकारी नियमों और प्रक्रियाओं की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, और इसमें सरकारी कर्मियों और बिचौलियों की मिलीभगत है। उन्होंने बताया कि पंचायत सरकार भवन के लिए ग्रामसभा और अंचलाधिकारी द्वारा खाता संख्या 40, खसरा संख्या 117, रकवा युक्त भूमि को चिन्हित किया गया था, लेकिन उसे नजरअंदाज कर अन्यत्र निर्माण कराया जा रहा है, जो "सुशासन" के दावों पर सीधा सवाल खड़ा करता है।

माले नेता मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि "डबल इंजन की सरकार" में भ्रष्टाचार, अपराध और सांप्रदायिकता चरम पर है। वहीं युवा नेता ने भी सरकार की जनविरोधी नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चकाई सहित जिले भर में मनरेगा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत भवन निर्माण सहित तमाम योजनाओं में खुली लूट मची है।

धरना के उपरांत माले प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी को चार सूत्री मांग पत्र सौंपा और ठाढ़ी पंचायत सरकार भवन के निर्माण में हो रहे नियमविरोधी कार्यों पर अविलंब रोक लगाने की मांग की। डीएम ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

भाकपा-माले नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि नियम के अनुरूप कार्य नहीं हुआ और भ्रष्टाचार पर लगाम नहीं लगी, तो पार्टी अनिश्चितकालीन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

धरने को मोहम्मद हैदर, दिलीप गुप्ता, बासुदेव हांसदा, खुबलाल राणा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में कलेप टुडू, कुसमी देवी, शोभी पुजहर, कामदेव टुडू, श्याम टुडू, मुन्ना टुडू, बबलू पुजहर, पवन यादव, चेतन यादव, बंगाली पुजहर, किशोर मुर्मू, शांति देवी, मनुआ देवी, अनीता देवी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment

Pages