समस्तीपुर में राजस्व महा अभियान को लेकर हुआ ज़िला स्तरीय प्रशिक्षण, तीन चरणों में चलेगा अभियान
सिटी संवाददाता : अजय कुमार सिन्हा
समस्तीपुर/बिहार : समस्तीपुर समाहरणालय सभागार में सोमवार को राजस्व महा अभियान से संबंधित ज़िला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समस्तीपुर के जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा एवं राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना के संयुक्त सचिव श्री अजीव वसराज ने की।
प्रशिक्षण में ज़िला बंदोबस्त पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों को आगामी राजस्व महा अभियान की रूपरेखा, क्रियान्वयन प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
अभियान को तीन मुख्य चरणों में संचालित किया जाएगा—
प्रथम चरण (18 जुलाई से 14 अगस्त 2025): इसमें अभियान पूर्व की तैयारियाँ की जाएंगी।
द्वितीय चरण (16 अगस्त से 20 सितंबर 2025): इस दौरान अभियान की गतिविधियाँ जैसे घर-घर जाकर जमाबंदी पंजी की प्रति, आवेदन पत्र एवं पंपलेट का वितरण होगा।
तृतीय चरण (21 सितंबर से 30 अक्टूबर 2025): इसे अनुवर्ती गतिविधियों का चरण कहा गया है, जिसमें प्राप्त आवेदनों के निष्पादन का कार्य किया जाएगा।
प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रत्येक अंचल द्वारा तैयार किए गए माइक्रो प्लान के तहत प्रत्येक मौजा में विशेष सदस्य दल का गठन किया जाएगा जो ग्रामीणों से संपर्क कर ज़रूरी दस्तावेज़ उपलब्ध कराएंगे। साथ ही 19 अगस्त से 20 सितंबर के बीच पंचायत सरकार भवनों या अन्य सरकारी भवनों में हल्का वार आवेदन प्राप्त किए जाएंगे और उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि की जाएगी।
इस बैठक में समस्तीपुर के अपर समाहर्ता श्री बृजेश कुमार, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री मनीष कृष्ण, ज़िला बंदोबस्त पदाधिकारी श्री विजय कुमार समेत सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment